भुरकुंडा बाजार में विजय ज्वेलर्स में मामला लगभग तीन करोड़ के लूट का निकला , सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : भुरकुंडा बाजार में शनिवार की शाम करीब 7:15 बजे विजय ज्वेलर्स में बड़ी डकैती की घटना सामने आई। पांच हथियारबंद डकैत दुकान में घुसे, शटर गिराया और कुछ ही मिनटों में सोना-चांदी और नकदी समेटकर फरार हो गए। प्रारंभिक रिपोर्ट में ज्वेलर्स मालिक द्वारा लगभग 30–32 लाख के गहनों और ढाई लाख रुपये नकद लूट की बात कही गई थी, लेकिन देर रात गहनों की सूची मिलान के बाद लूट का  मामला कहीं ज्यादा बड़ा निकला।

ज्वेलर्स मालिक के अनुसार दुकान से करीब एक क्विंटल चांदी और डेढ़ किलो सोना सहित कुल मिलाकर लगभग तीन करोड़ रुपये के आभूषण व नकदी की लूट हुई है। घटना के समय दुकान बंद करने की तैयारी चल रही थी। सभी कीमती गहनों को समेटकर झोलों में रखा जा रहा था, तभी हथियारबंद डकैतों ने धावा बोल दिया और झोलों सहित सारा माल लेकर भाग निकले। ज्वेलर्स दुकानों में रात को दुकान मालिक द्वारा कीमती सामानों को समेत कर सुरक्षा के लिए घर ले जाया जाता है।बताया जाता है कि कुछ दूरी पर अन्य साथी भी मौजूद थे, जिनकी मदद से डकैत आसानी से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरीके से डकैत फरार हुए, उससे साफ झलकता है कि उन्हें भुरकुंडा क्षेत्र और रास्तों की अच्छी जानकारी थी। सरेशाम हुई इस बड़ी वारदात ने रामगढ़ जिला पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद पुलिस पड़ताल में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।