रामगढ़, झारखंड : शहर के होनहार छात्र और आर्मी पब्लिक स्कूल के स्टूडेंट पूरब जैन ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए राष्ट्रीय स्तर की विज्ञान प्रदर्शनी में जगह बनाई है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार द्वारा हाल ही में रांची में आयोजित राज्यस्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में उनके नवाचारी मॉडल “मिनी विद्युत खपत मॉनिटर” को निर्णायक मंडल ने अत्यंत प्रभावशाली माना।
इस मॉडल के माध्यम से पूरब ने ऊर्जा दक्षता और जिम्मेदार बिजली उपयोग का संदेश दिया है। इस प्रदर्शनी में कुल 36,099 मॉडलों में से मात्र 15 मॉडल ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुने गए, जिनमें पूरब का चयन होना रामगढ़ और झारखंड के लिए गर्व की बात है। अब वे राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उनकी इस उपलब्धि पर आर्मी पब्लिक स्कूल परिवार एवं प्राचार्य पंकज जैन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पूरब मेधावी छात्र हैं और निश्चित रूप से राष्ट्रीय मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पूरब दिल्ली के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर, यहां तक कि जापान तक अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।