छेड़खानी का विरोध करने पर महिला पर उबलता तेल फेंका, गंभीर रूप से झुलसी : एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

Spread the love

गिरिडीह, झारखंड : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित लेदा पंचायत के गादी गांव में रविवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार गांव में चाय-समोसे की दुकान चलाने वाली एक महिला के साथ दो युवकों ने छेड़खानी की। महिला ने इसका विरोध किया तो दोनों ने उस पर उबलता तेल फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई।

ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तुरंत सदर अस्पताल, गिरिडीह में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों ने बताया कि महिला के हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर जलन के निशान हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घटना के समय पीड़िता का पति, जो दिव्यांग है, घर पर ही मौजूद था। परिवार की आजीविका पूरी तरह इसी छोटी दुकान पर निर्भर है, जिससे घटना के बाद घर में दहशत और आर्थिक चिंता दोनों बढ़ गई है।

पुलिस ने महिला के बयान पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि एक आरोपी उदय चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा आरोपी मनीष चौधरी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।