रामगढ़, झारखंड :रामगढ़ शहर के लोहार टोला स्थित उस खाली पड़ी जमीन पर, जहां पूर्व में होलिका दहन होता था, अब घेराबंदी का रास्ता साफ हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लंबे समय से इस जमीन पर दावेदारी कर रहे सभी पक्षों के बीच सुलह हो गई है। समझौते के बाद मंगलवार को सभी पक्षों की मौजूदगी में वर्षों से जमा कूड़े-कचरे को जेसीबी के माध्यम से साफ कराया गया। उम्मीद जताई जा रही है कि बुधवार तक जमीन की घेराबंदी का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
बताया जाता है कि इस जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा था। हाल ही में चतरा निवासी एक दावेदार सामने आया और उसने जमीन पर घेराबंदी करने की कोशिश की, लेकिन अन्य पक्षों ने आपत्ति जताते हुए घेराबंदी नहीं होने दी। कुछ दिन पहले रात के समय जेसीबी और ट्रैक्टर लाकर काम शुरू किया गया था, जिसे एक पक्ष द्वारा रोक दिया गया था।
आज दोबारा काम शुरू हुआ और इस दौरान अधिकांश दावेदार पक्ष मौजूद रहे। हालांकि बाजार टांड के निकट रहने वाले एक पक्ष के लोग मौके पर नजर नहीं आए, लेकिन बताया गया कि वे भी समझौते में शामिल हैं। अन्य पक्षों को जमीन पर उपस्थित रहकर कार्य करवाते देखा गया।