रामगढ़, झारखंड : सामाजिक संगठन रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति (आरबीएसएस) के तत्वावधान में आगामी 05 जनवरी को आयोजित होने वाले 8वें श्री महाकाल महोत्सव की तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही हैं। महोत्सव को भव्य, ऐतिहासिक और जन-सहभागिता से परिपूर्ण बनाने के लिए समिति द्वारा लगातार बैठकों एवं जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में सांसद प्रतिनिधि एवं आरबीएसएस के केंद्रीय अध्यक्ष श्री धनंजय कुमार पुटूस ने हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल से भेंट कर उन्हें श्री महाकाल महोत्सव में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। इस अवसर पर धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि श्री महाकाल महोत्सव केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और जनआस्था का महापर्व है, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग शामिल होते हैं। उन्होंने सांसद मनीष जायसवाल की उपस्थिति को महोत्सव के लिए गौरवपूर्ण बताया।
वहीं सांसद श्री मनीष जायसवाल ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए महोत्सव की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं और कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक विरासत और आपसी भाईचारे को मजबूती मिलती है।
RBSS द्वारा आयोजित यह महोत्सव हर वर्ष आस्था, सेवा और सामाजिक समरसता का संदेश देता रहा है। इस वर्ष भी महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने हेतु समिति के सदस्यगण पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।