झारखंड : राज्य कर्मियों को मिल सकेगा 1 करोड़ तक का दुर्घटना बीमा, हेमंत सरकार और बैंक ऑफ इंडिया के बीच एमओयू

Spread the love

सहायता राशि का चेक प्रदान करते मुख्यमंत्री व अन्य अधिकारी

रांची, झारखंड : राज्य कर्मचारियों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में झारखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में मंत्रालय में झारखंड सरकार और बैंक ऑफ इंडिया के बीच राज्य कर्मियों के वेतन एवं पेंशन खाते से जुड़े पैकेज को लेकर मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते के तहत बैंक ऑफ इंडिया में सैलरी खाता रखने वाले राज्य सरकार के स्थायी कर्मचारी, पेंशनभोगी तथा अनुबंध कर्मियों को एक करोड़ रुपये तक का दुर्घटना बीमा, जबकि हवाई दुर्घटना की स्थिति में मृत्यु पर दो करोड़ रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। यह सभी सुविधाएं कर्मचारियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों को सुरक्षित कार्य वातावरण और बेहतर वित्तीय सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह पहल वेतन, पेंशन और स्वास्थ्य सुविधा के साथ-साथ आकस्मिक स्थिति में आर्थिक सहयोग सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के दिवंगत कर्मचारी प्रमोद लकड़ा की पत्नी मंजू लकड़ा को सरकारी सैलरी पैकेज के तहत 50 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया। एमओयू पर राज्य सरकार की ओर से वित्त विभाग के विशेष सचिव संदीप सिंह, जबकि बैंक ऑफ इंडिया की ओर से रांची अंचल के उप महाप्रबंधक संजय कुमार ने हस्ताक्षर किए।