रांची, झारखंड :झारखंड शराब घोटाला की जांच में जुटी एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने एक अहम सफलता हासिल की है। इस मामले से जुड़े प्रमुख आरोपियों में शामिल छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी कारोबारी नवीन केडिया को ACB ने गोवा से गिरफ्तार किया है।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद एसीबी अब नवीन केडिया को ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। रांची पहुंचने पर उसे ACB की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा, जहां एजेंसी पूछताछ के लिए रिमांड की मांग करेगी।
बताया जाता है कि नवीन केडिया को पहले ही एसीबी द्वारा समन जारी कर पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा गया था, लेकिन वह एजेंसी के सामने पेश नहीं हुआ। शराब घोटाला मामले में नाम आने के बाद उसने एसीबी कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी भी दाखिल की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद से ही वह फरार चल रहा था।
एसीबी की टीम लंबे समय से उसकी तलाश में थी और आखिरकार गोवा से उसकी गिरफ्तारी की गई। एजेंसी अब उससे झारखंड शराब घोटाले से जुड़े नेटवर्क, लेन-देन और अन्य आरोपियों के संबंध में गहन पूछताछ करने की तैयारी में है।