झारखंड पुलिस की बड़ी कामयाबी : जगरनाथपुर से अपहृत अंश कुमार और अंशिका कुमारी रामगढ़ के चितरपुर से सकुशल बरामद, दो आरोपी हिरासत में

Spread the love

माता पिता के गोद में बच्चे व पुलिस अधिकारी

रांची, झारखंड :  झारखंड पुलिस ने तत्परता और व्यापक कार्रवाई करते हुए जगरनाथपुर मौसीबाड़ी, थाना धुर्वा (जिला रांची) से अपहृत दो मासूम भाई-बहन अंश कुमार (05 वर्ष) और अंशिका कुमारी (04 वर्ष) को Jharkhand के रामगढ़ जिला अंतर्गत चितरपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों बच्चों को आज 14 जनवरी 2026 की सुबह बड़े पैमाने पर चलाए गए छापेमारी अभियान के दौरान सुरक्षित निकाला गया।

इस संबंध में धुर्वा थाना कांड संख्या 01/26, दिनांक 03.01.2026, धारा 137(2) BNS के तहत बच्चों के पिता सुनील कुमार द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक, ग्रामीण के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक नगर और पुलिस अधीक्षक यातायात के सहयोग से रांची जिला के 48 पुलिस पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

अनुसंधान के दौरान पुलिस ने

500 से अधिक CCTV फुटेज का विश्लेषण,

5,000 से अधिक वाहनों का सत्यापन,

ड्रोन, डॉग स्क्वॉयड और तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग किया।

साथ ही बच्चों की बरामदगी के लिए सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार किया गया और प्रति बालक 2 लाख रुपये (कुल 4 लाख रुपये) के इनाम की घोषणा की गई। इस दौरान प्रतिदिन 1000 से अधिक कॉल्स को पुलिस द्वारा अटेंड किया गया।

झारखंड पुलिस ने इस कांड को अंतर्राज्यीय बाल अपहरण गिरोह से जोड़ते हुए अनुसंधान किया। इसके लिए उड़ीसा, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान, दिल्ली, महाराष्ट्र सहित 12 राज्यों में पुलिस टीमें भेजी गईं। CID द्वारा पूरे देश में ह्यू एंड क्राई नोटिस जारी किया गया, वहीं विभिन्न बाल संगठनों ने भी सूचना प्रसारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बरामदगी के बाद बच्चों की पहचान उनके माता-पिता द्वारा की गई। इस मामले में दो अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों और ठिकानों की पहचान कर आगे की छापेमारी जारी है।