बिहार फाउंड्री ने शंकर चौधरी को लिखा पत्र,  पत्र के बाद 20 जनवरी से होने वाला आंदोलन स्थगित, पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने रखी एक सूत्री मांग

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड से जुड़े पर्यावरणीय मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। रविवार को आयोजित पत्रकार सम्मेलन में पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने बताया कि उन्हें रविवार को दिन के 3:56 बजे बिहार फाउंड्री की ओर से एक पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें प्रबंधन ने विभिन्न बिंदुओं को रखते हुए वार्ता की पेशकश की है।

शंकर चौधरी ने बताया कि इस विषय पर उन्होंने वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा से भी चर्चा की है। सभी की यह राय बनी है कि समस्या के समाधान के लिए पहले संवाद का रास्ता अपनाया जाना चाहिए। इसी के मद्देनजर वार्ता होने तक आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि प्रस्तावित वार्ता में आम जनता की परेशानियों का ठोस समाधान नहीं निकलता है, तो दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।

पूर्व विधायक ने कहा कि बिहार फाउंड्री प्रबंधन की ओर से वार्ता के लिए तीन विकल्प दिए गए हैं, जिसमें फैक्ट्री परिसर, उनका कार्यालय अथवा किसी तीसरे स्थान पर बैठक करने का सुझाव शामिल है। इस पर उन्होंने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि वार्ता न तो फैक्ट्री परिसर में होगी, न ही उनके कार्यालय में होगी । उन्होंने बताया कि बैठक किसी तीसरे स्थान पर होगी ।

शंकर चौधरी ने दो टूक कहा कि प्रस्तावित वार्ता में उनकी एक ही मांग होगी और वह है प्रदूषण पर पूर्ण रूप से रोक। उन्होंने कहा कि जब तक इस मुद्दे पर ठोस और संतोषजनक समाधान नहीं निकलता, तब तक आंदोलन स्थगित है, समाप्त नहीं।

उन्होंने यह भी कहा कि यह मामला सीधे तौर पर क्षेत्र की जनता के स्वास्थ्य और पर्यावरण से जुड़ा हुआ है और किसी भी कीमत पर इसके साथ समझौता नहीं किया जाएगा।  पत्रकार सम्मेलन में प्रकाश मिश्रा भी मौजूद थे ।