रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ कॉलेज के समीप स्थित पंचवटी अपार्टमेंट फेज-वन में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। इस घटना में चोरों के हाथ करीब 25 से 30 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लगने की बात सामने आ रही है। चोरी की यह घटना अपार्टमेंट में किराये पर रह रहे पंजाब नेशनल बैंक, गिद्दी शाखा के प्रबंधक मनीष कुमार के फ्लैट में हुई है।
टूटे आलमीरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनीष कुमार 17 जनवरी 2026 को अपने पैतृक गांव छोटकाकाना गए हुए थे। 18 जनवरी 2026 की संध्या जब वे वापस लौटे तो उन्होंने अपने फ्लैट का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ पाया। अंदर जाने पर देखा गया कि कमरे में रखे गोदरेज कंपनी के दो आलमीरा को चोरों ने तोड़ दिया है। बताया जा रहा है कि चोरों ने करीब 40 हजार रुपये नकद और लगभग 25–30 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात व अन्य सामानों पर हाथ साफ किया है।
तोड़ा गया दरवाजा
सूत्रों के अनुसार चोरों ने अपार्टमेंट के एक अन्य फ्लैट का भी ताला तोड़ा था, लेकिन वह फ्लैट खाली होने के कारण वहां से कुछ हाथ नहीं लगा। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने अपार्टमेंट में प्रवेश कर मजबूत मुख्य दरवाजे और आलमीरा को किस तरह तोड़ा, यह सवाल खड़े कर रहा है। जिस कमरे में आलमीरा रखा था, उसी कमरे के दरवाजे को विशेष रूप से तोड़ा गया, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों को पहले से पूरी जानकारी थी।
अपार्टमेंट में रह रहे लोगों ने सोसाइटी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर पिछले एक सप्ताह से खराब है और मरम्मत के लिए बाहर भेजा गया हुआ है, जिसके कारण चोरी की घटना कैमरे में कैद नहीं हो सकी। जबकि अपार्टमेंट में सुरक्षा गार्ड की भी तैनाती है, इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
देर शाम चोरी की खबर फैलते ही पूरे शहर में इसकी चर्चा होने लगी। सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अपार्टमेंट में जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।