रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ शहर के पंचवटी अपार्टमेंट में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने वहां रह रहे नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। इस मुद्दे को लेकर भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि (मीडिया) धनंजय कुमार पुटूस ने अपार्टमेंट में कार्यरत सिक्योरिटी एजेंसी एवं अपार्टमेंट कमिटी की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए हैं।
धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि पंचवटी अपार्टमेंट में किसी भी अनजान व्यक्ति के प्रवेश के दौरान गेट पर बार-बार पूछताछ की जाती है..
कहां जा रहे हैं?
किसके पास जा रहे हैं?
जिनके पास जाना है उनसे फोन पर बात कराइए।
गाड़ी बाहर लगाइए।
इतनी कड़ी जांच-पड़ताल के बावजूद यदि वहां लगातार चोरियां हो रही हैं, तो यह स्पष्ट रूप से सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने सवाल किया कि जब गेट पर इतनी सख्ती है, तो चोरी करने वाले अंदर कैसे पहुंच रहे हैं? और यदि सुरक्षा के नाम पर सिर्फ औपचारिकता निभाई जा रही है, तो इसका जिम्मेदार कौन है? सिक्योरिटी एजेंसी या अपार्टमेंट कमिटी?
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह बयान किसी व्यक्ति या संस्था को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं है, बल्कि रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा एक अहम सवाल है, जिस पर चुप नहीं रहा जा सकता।
धनंजय कुमार पुटूस ने जिला पुलिस एवं प्रशासन से मांग की कि पंचवटी अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी सिस्टम, गार्ड ड्यूटी और सिक्योरिटी एजेंसी की जवाबदेही की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और इस मुद्दे पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।