रामगढ में 22–23 जनवरी को दो दिवसीय पराक्रम दिवस 2026 का आयोजन, स्कूली विद्यार्थियों के लिए चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर पराक्रम दिवस 2026 का आयोजन रामगढ़ जिले में 22 एवं 23 जनवरी 2026 को दो दिवसीय रूप में किया जाएगा। इस संबंध में एंथ्रोपॉलोजिकल सर्वे ऑफ इंडिया, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के कार्यालय प्रभारी, रांची फील्ड स्टेशन राज किशोर महतो ने प्रेस क्लब ऑफ़ रामगढ के भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में मीडिया को विस्तृत जानकारी दी।

राज किशोर महतो ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों एवं युवाओं में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विचारों, पराक्रम, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करना है। इसी क्रम में पहले दिन विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद  मनीष जायसवाल होंगे। विशिष्ट उपस्थिति में  राजहंस सिंह (आईआरटीएस), डिविजन ट्रैफिक मैनेजर, ईस्ट सेंट्रल रेलवे, बरकाकाना तथा  रोहित साठे, गैरीसन इंजीनियर, एमईएस रामगढ़ कैंट शामिल रहेंगे।

पहला दिन : 22 जनवरी 2026 (चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता)

स्थान : दुर्गा मंदिर के समीप खुला मैदान, सुभाष चौक, रामगढ़, झारखंड
विषय (चित्रकला एवं भाषण): नेताजी सुभाष चंद्र बोस, पराक्रम, देशभक्ति एवं राष्ट्र निर्माण

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे से 10:45 बजे तक प्रतिभागियों की रिपोर्टिंग, बैठने की व्यवस्था एवं संक्षिप्त परिचय के साथ होगी। इसके बाद 10:45 बजे से 11:00 बजे तक स्वागत भाषण एवं पराक्रम दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला जाएगा।

चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन दोपहर 01:10 बजे से 02:10 बजे तक किया जाएगा, जिसकी अवधि 60 मिनट निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की रचनात्मकता और राष्ट्रभक्ति से जुड़े विचारों का मूल्यांकन किया जाएगा।

दूसरा दिन : 23 जनवरी 2026 (मुख्य कार्यक्रम)

दूसरे दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।  राजकिशोर महतो ने बताया कि मुख्य कार्यक्रम के दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके साथ ही नेताजी के जीवन एवं योगदान पर आधारित 17 पैनलों की प्रदर्शनी का उद्घाटन तथा अतिथियों द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन किया जाएगा। मंचीय कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत, सम्मान, विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों एवं मुख्य अतिथि का संबोधन तथा चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया जाएगा। चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा 23 जनवरी 2026 को उसी स्थल पर की जाएगी।

राज किशोर महतो ने बताया कि पराक्रम दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आदर्शों से जोड़ने और उनमें राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने जिले के विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की अपील की।