देवघर, झारखंड :बसंत पंचमी के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम जलार्पण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उपायुक्त द्वारा जानकारी दी गई कि इस पावन अवसर पर पूर्व की भांति वीआईपी, वीवीआईपी एवं क्रम से हटकर दर्शन (आउट ऑफ टर्न दर्शन) की सुविधा पर पूर्णतः रोक रहेगी, ताकि सामान्य श्रद्धालुओं को बिना किसी बाधा के जलार्पण कराया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि बसंत पंचमी के अवसर पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा धाम पहुंचते हैं, ऐसे में सभी से सहयोग की अपेक्षा है, जिससे व्यवस्था सुचारू बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि बसंत पंचमी के दिन पूर्व की तरह 600 रुपये शुल्क के साथ शीघ्र दर्शन की सुविधा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त बसंत पंचमी (23 जनवरी 2026) के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर का पट अहले सुबह 03 बजकर 05 मिनट पर खोल दिया जाएगा, जिससे श्रद्धालु प्रातः काल से ही जलार्पण कर सकें।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें एवं बाबा धाम में शांतिपूर्ण और व्यवस्थित दर्शन में सहयोग प्रदान करें।