रामगढ, कैंट, झारखंड : रामगढ़ जिले के रामगढ़ छावनी क्षेत्र में व्याप्त जन समस्याओं को लेकर भाजपा रामगढ़ कैंट मंडल अध्यक्ष सुशांत पांडेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी अनंत आकाश से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नागरिक सुविधाओं से जुड़ी गंभीर समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में घरों में आपूर्ति किए जा रहे दूषित पेयजल, नालियों की अनियमित सफाई, अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था, सार्वजनिक स्थलों की गंदगी तथा वर्षों से खराब पड़ी स्ट्रीट और वेपर लाइट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि चट्टी बाजार, लोहार टोला, टेकर स्टैंड, बिरसा बस स्टैंड, मैन रोड और अनुमंडल कार्यालय के आसपास लंबे समय से स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं, जिससे आम लोगों को रात्रि में आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में दिए गए प्रमुख सुझाव :
गंदे पानी की समस्या के समाधान के लिए जलापूर्ति प्रणाली की तकनीकी जांच
नालियों की नियमित सफाई हेतु विशेष सफाई अभियान
पार्किंग स्थलों को सुव्यवस्थित कर बेहतर पार्किंग व्यवस्था लागू करना
चट्टी बाजार, लोहार टोला, मैन रोड सहित सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई
शहर के सौंदर्यीकरण के लिए पौधरोपण, सड़क मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करना
प्रतिनिधिमंडल में नगर अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय, राजीव पामदत्त, शशि शेखर सिंह, संतोष कुमार साह, ऋषिकेश सिंह, सौरभ जायसवाल, अमित ठाकुर एवं विनोद तिवारी शामिल थे।
अधिशासी अधिकारी अनंत आकाश ने ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।