
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते छात्र छात्रा
रामगढ, झारखंड : झारखंड के रामगढ़ जिले में स्थित ऐतिहासिक सुभाष चौक के समीप दुर्गा मंदिर परिसर में भारतीय मानवविज्ञान सर्वेक्षण (एंथ्रोपोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय पराक्रम दिवस कार्यक्रम का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। शुक्रवार कार्यक्रम का दूसरा एवं अंतिम दिन था।

छउ नाच प्रस्तुत करते कलाकार
23 जनवरी को सुबह 9:00 बजे आर्मी कैंट, रामगढ़ में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय मानवविज्ञान सर्वेक्षण के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात दोपहर 01:00 बजे दुर्गा मंदिर परिसर में भारतीय मानवविज्ञान सर्वेक्षण के सहायक मनोविज्ञानी श्री राजकिशोर महतो के स्वागत भाषण के साथ मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान सुभाष चौक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद नेताजी पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन अतिथियों द्वारा किया गया। छात्रों ने वाद्ययंत्र प्रदर्शनी एवं राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत किए, वहीं राज्य के बेहतरीन कलाकारों द्वारा छऊ नृत्य की नयनाभिराम प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 22 जनवरी को आयोजित भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
पराक्रम दिवस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में हजारीबाग के माननीय सांसद मनीष जायसवाल के सांसद प्रतिनिधि श्री राजीव जायसवाल, पूर्व मध्य रेलवे के डिवीजन ट्रैफिक मैनेजर श्री राजहंस सिंह तथा रामगढ़ कैंट के गैरीसन इंजीनियर श्री रोहित साठे की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में सांसद प्रतिनिधि श्री राजीव जायसवाल ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस केवल एक महान व्यक्तित्व नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, साहस और त्याग के प्रतीक थे। डीटीएम बरकाकाना श्री राजहंस सिंह एवं एम.ई.एस. के श्री रोहित साठे ने नेताजी के जीवन, संघर्ष और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके मार्ग पर चलने का आह्वान किया। वहीं एंथ्रोपोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के प्रभारी श्री राजकिशोर महतो ने नेताजी को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय एवं आर्मी स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में रामगढ़ कैंट मंडल के सांसद प्रतिनिधि श्री अनमोल सिंह, मीडिया प्रतिनिधि धनंजय कुमार, पुटुस, किरण शंकर दत्त, भास्कर दत्ता, गौरांग राय, प्रदीप सिंह, जोगेंद्र सिंह जग्गी, बन्नी गांधी, संतोष चावला, चेंबर अध्यक्ष श्री मंज़ी सहानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति के संकल्प और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को शत-शत नमन के साथ किया गया।