केंद्रीय बजट 2026-27 पर रामगढ़ (झारखंड) में नेताओं व समाजसेवी की प्रतिक्रिया, विकास व रोजगार पर फोकस को सराहा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर रामगढ़ में राजनीतिक व सामाजिक संगठनों की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। भाजपा रामगढ़ मंडल अध्यक्ष सुशांत पांडेय और श्री दिगंबर जैन समाज रामगढ़ के निर्वतमान अध्यक्ष मानिकचंद जैन ने बजट को देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

भाजपा रामगढ़ मंडल अध्यक्ष सुशांत पांडेय ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए भारत सरकार की वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा एक मजबूत और दूरदर्शी बजट प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बजट विकास, रोजगार सृजन, आत्मनिर्भरता, गरीबी उन्मूलन तथा वैश्विक चुनौतियों से निपटने की दिशा में प्रभावी पहल है।
उन्होंने बजट में कैंसर मरीजों, युवाओं, महिलाओं और किसान वर्ग के लिए विशेष ध्यान दिए जाने को इसकी बड़ी उपलब्धि बताया तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया।

वहीं श्री दिगंबर जैन समाज रामगढ़ के निर्वतमान अध्यक्ष मानिकचंद जैन ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में सरकार ने देश की आर्थिक मजबूती, रोजगार सृजन और दीर्घकालिक विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि इस बजट में मध्यम वर्ग और आम नागरिकों के लिए आयकर व्यवस्था में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है, जिससे मौजूदा राहतें बनी रहेंगी, हालांकि नई कर-छूट की अपेक्षा पूरी नहीं हो सकी है।

मानिकचंद जैन ने कहा कि बजट का मुख्य फोकस शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, लघु उद्योग और बुनियादी ढांचे में निवेश बढ़ाने पर रहा है, जिससे भविष्य में रोजगार और व्यापार के अवसर सृजित होंगे। रेलवे, सड़क, उद्योग और तकनीकी क्षेत्र में बढ़े हुए प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि यह बजट तात्कालिक राहत से अधिक दीर्घकालिक और स्थायी विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है और आम नागरिक इसे भारत को आत्मनिर्भर, मजबूत और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देख रहा है।