रामगढ़,झारखंड : जनवरी माह में मनाए जा रहे सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की ओर से दामोदर ब्रिज पर सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता पोस्टर लगाए गए। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के प्रति प्रेरित करना रहा।
पोस्टरों के माध्यम से हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए गए। क्लब की ओर से यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है और थोड़ी-सी सावधानी कई अनमोल जिंदगियों को बचा सकती है।
इस अवसर पर आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील भी की गई। क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि निरंतर जागरूकता और अनुशासन के माध्यम से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।
इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ समाज कल्याण और जनहित के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता के तहत समय-समय पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहा है।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष नमिता श्रॉफ, सचिव जेनेशा वाडेरा, कोषाध्यक्ष मेघा बगड़िया एवं अंशु बंसल उपस्थित रहीं।