रजरप्पा के विकास से रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा : रोहित जोसेफ तिर्की

Spread the love

ओडिसा राज्य के बिरमित्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक ने की मां छिन्नमस्तिके की पूजा

रजरप्पा(रामगढ़), झारखंड : ओड़िसा के बिरमित्रपुर विधानसभा क्षेत्र से बीजू जनता दल (बीजेडी) के विधायक रोहित जोसेफ तिर्की मंगलवार को झारखंड के रामगढ़ जिला अंतर्गत चितरपुर प्रखंड स्थित देश के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने मां छिन्नमस्तिके देवी की विधिवत पूजा-अर्चना कर मत्था टेका तथा नारियल बलि देकर रक्षा सूत्र बंधवाया। पूजा के उपरांत उन्होंने भैरवी-दामोदर संगम स्थल का भी अवलोकन किया।

मीडिया से बातचीत में विधायक रोहित जोसेफ तिर्की ने कहा कि मां छिन्नमस्तिके का यह मंदिर पूरे देश में विख्यात है और यहां लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि उनके पूर्वजों के समय से झारखंड से उनका गहरा संबंध रहा है।

उन्होंने कहा कि रजरप्पा जैसे धार्मिक स्थलों के समुचित विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने झारखंड के छोटा नागरा क्षेत्र में शौचालय, शेड जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि स्थानीय श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों के लिए ये सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं। बुनियादी सुविधाओं के विकास से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।

ओड़िसा की वर्तमान डबल इंजन सरकार पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की जनता परेशान है और सरकार को रोजगार, कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। वहीं झारखंड सरकार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार बेहतर कार्य कर रही है, हालांकि रोजगार सृजन और स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता है।

मौके पर विक्रम सिंह, सुरेश एक्का, दीपक तिर्की, पंकज साहू सहित कई लोग मौजूद थे।