रामगढ़, झारखंड : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) के एचएएसपी यूनिट में बुधवार को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सेंट्रल ट्रेनिंग हॉल “ट्रेनिंग फॉर एक्सीलेंस – इंडक्शन रूम” का भव्य उद्घाटन किया गया।
यह उद्घाटन समारोह एचएएसपी यूनिट स्थित सेंट्रल ट्रेनिंग हॉल परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें कंपनी के सभी विभागाध्यक्षों एवं बिजनेस यूनिट हेड्स की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बीएफसीएल प्रबंधन ने बताया कि इस नए प्रशिक्षण केंद्र का उद्देश्य नए एवं वर्तमान कर्मचारियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना, सुरक्षा जागरूकता को सुदृढ़ करना, नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा कार्य दक्षता को बढ़ावा देना है।
प्रबंधन के अनुसार यह पहल गुणवत्ता, नवाचार और सतत विकास के प्रति बीएफसीएल की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से कर्मचारियों के ज्ञान एवं कौशल में निरंतर वृद्धि होगी, जिससे संगठन की उत्पादकता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने प्रशिक्षण व्यवस्था का अवलोकन किया तथा भविष्य की प्रशिक्षण योजनाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की।
बीएफसीएल का यह प्रयास मानव संसाधन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।