बड़कागांव ( हज़ारीबाग़ ). झारखंड : हजारीबाग, झारखंड के बड़कागांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह अपराधियों ने बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। बड़कागांव बाजार स्थित प्रभु सोने की दुकान में घुसकर हथियारबंद बदमाशों ने करीब 25 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह वारदात सुबह लगभग 10 बजे हुई। लूट के बाद जब बदमाश दुकान से बाहर निकलकर भागने लगे, तो स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने 5 से 6 राउंड फायरिंग कर दी।
इस दौरान कांग्रेस नेता रामसेवक सोनी के भाई सुधीर सोनी के हाथ में गोली लग गई। फायरिंग के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं।
बताया जा रहा है कि लुटेरे मोटरसाइकिल से बड़कागांव बाजार पहुंचे थे और वारदात के बाद उसी वाहन से पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गए।
गोली लगने से घायल सुधीर सोनी को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में नाकेबंदी की गई है तथा अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।