रामगढ़ में टीओपी मैदान के पास हेवी ब्लास्टिंग से दहशत, कई घरों में दरार व पत्थर गिरने की शिकायत

Spread the love

रामगढ़, झारखंड  :  रामगढ़ जिला (झारखंड) के रामगढ थाना क्षेत्र के रामगढ़ शहर में टीओपी मैदान के समीप शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई तेज ब्लास्टिंग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना शक्तिशाली बताया जा रहा है कि आसपास के कई मकान हिल गए और कुछ घरों के प्लास्टर झड़ने के साथ पत्थरों के टुकड़े गिरने की शिकायत सामने आई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार टीओपी मैदान के पास स्थित एक जमीन को उसके मालिक द्वारा कई लोगों को बेचा गया है। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में पानी का स्रोत नहीं मिलने के कारण जमीन खरीदारों ने कई स्थानों पर गहरी बोरिंग करवाई, लेकिन पानी नहीं निकला। इसके बाद कथित रूप से पानी की संभावना बढ़ाने के उद्देश्य से गहरी बोरिंग के दौरान ब्लास्टिंग कराई गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ब्लास्टिंग पेशेवर तरीके से तार बिछाकर कराई गई थी, लेकिन विस्फोट अत्यधिक शक्तिशाली हो गया, जिससे आसपास के मकानों को नुकसान पहुंचा और धमाके की आवाज दूर तक सुनी गई।

ब्लास्टिंग के बाद जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और जानकारी लेने का प्रयास किया, तो उन्हें वहां से लौटा दिया गया। इसके बाद स्थिति को देखते हुए ब्लास्टिंग स्थल को जेसीबी मशीन से ढक दिया गया।

सबसे अहम सवाल यह उठ रहा है कि रामगढ़ जिला (झारखंड) के घनी आबादी वाले क्षेत्र में इस प्रकार की हेवी ब्लास्टिंग करना कितना सुरक्षित और नियमों के अनुरूप है। उल्लेखनीय है कि घटनास्थल के नजदीक ही पुलिस का टीओपी मौजूद है, इसके बावजूद इस धमाके को लेकर कोई तत्काल कार्रवाई सामने नहीं आई है।

वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से इस घटना को लेकर अनभिज्ञता जताई गई है, जबकि क्षेत्र के कई लोगों ने धमाका सुनने और ब्लास्टिंग के बाद घरों में पत्थर गिरने की पुष्टि की है। स्थानीय निवासियों ने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।