रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त रामगढ़ श्री फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा जिले के ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सार्थक पहल की जा रही है। प्रशासन द्वारा सम्मान, रोजगार, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
हाल ही में गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को सम्मानित किया गया, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश गया। इसके अतिरिक्त ट्रांसजेंडर समुदाय के एक सदस्य को समाहरणालय में नियुक्ति प्रदान की गई है, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है। उपायुक्त के निर्देश पर दो अन्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को भी शीघ्र ही नियुक्ति प्रदान करने की प्रक्रिया जिला प्रशासन द्वारा पूरी की जा रही है।
उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज द्वारा स्वयं पतरातू प्रखंड अंतर्गत भुरकुंडा क्षेत्र में रह रहे ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उनके जीवन स्तर, रोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समुदाय की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं उनके समग्र विकास हेतु ठोस कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया।
इसी क्रम में उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल ने भी भुरकुंडा क्षेत्र का दौरा कर ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों से मुलाकात की तथा उनके उत्थान के लिए आवश्यक पहल पर चर्चा की। प्रशासन द्वारा समुदाय के सदस्यों को ब्यूटीशियन सहित अन्य कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें।
जिले में आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रामगढ़ जिला अंतर्गत छतरमांडू स्थित समाहरणालय परिसर में बने पार्क में शीघ्र ही “ट्रांसजेंडर कैफे” की शुरुआत की जाएगी। यह पहल न केवल रोजगार उपलब्ध कराएगी, बल्कि समाज में समानता और सम्मान का संदेश भी देगी।
उपायुक्त के निर्देश पर समाहरणालय रामगढ़, सदर अस्पताल रामगढ़ एवं बस स्टैंड रामगढ़ में ट्रांसजेंडर टॉयलेट की स्थापना की गई है, जिसका संचालन जल्द ही प्रारंभ किया जाएगा। इससे सार्वजनिक स्थलों पर समुदाय के लोगों को गरिमापूर्ण एवं सुरक्षित सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इसके अतिरिक्त ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों का राशन कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित रूप से प्राप्त हो सके।
ट्रांसजेंडर समुदाय के समग्र विकास के लिए जिला प्रशासन द्वारा स्वयं सहायता समूह की दीदियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। इनके माध्यम से समुदाय के सदस्यों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उपायुक्त श्री फैज अक अहमद मुमताज ने कहा कि जिला प्रशासन ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है तथा उन्हें समाज की मुख्य धारा में जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास जारी रखे जाएंगे।