पूर्व मंत्री योगेंद्र साव और पूर्व विधायक निर्मला देवी गिरफ्तार, एनटीपीसी कोल माइंस धरना स्थल से पुलिस ने की कार्रवाई

Spread the love

बड़कागांव (हजारीबाग), झारखंड :  झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव क्षेत्र में एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस के पूर्व कृषि मंत्री योगेंद्र साव और उनकी पत्नी व पूर्व विधायक निर्मला देवीको पुलिस ने गुरुवार को धरना स्थल से गिरफ्तार कर लिया। दोनों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। गिरफ्तारी दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व मंत्री योगेंद्र साव पर बरकागांव, केरेडारी और पगार ओपी सहित कई थानों में अलग-अलग मामले दर्ज हैं। वे बीते 31 दिसंबर 2025 से नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन(एनटीपीसी) के चट्टी बरिआतु कोल् माइनमें भूमि अधिग्रहण, मुआवजा तथा अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए थे।

बताया गया है कि यह धरना लंबे समय से जारी था, जिससे खनन कार्य प्रभावित हो रहा था। इसी को लेकर प्रशासन की ओर से कार्रवाई करते हुए धरना स्थल से ही दोनों नेताओं को हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तारी से ठीक पहले पूर्व मंत्री योगेंद्र साव अपनी बेटी एवं कांग्रेस की पूर्व विधायक अम्बा प्रसादके साथ दिल्ली गए थे। वहां उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गाँधीसे मुलाकात कर बड़कागांव, हजारीबाग (झारखंड) क्षेत्र में एनटीपीसी परियोजना से जुड़े विस्थापन एवं अन्य समस्याओं पर चर्चा की थी।

दिल्ली से लौटने के बाद जैसे ही वे चट्टी बरियातू कोल माइंस धरना स्थल पहुंचे, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूर्व मंत्री योगेंद्र साव एवं पूर्व विधायक निर्मला देवी को हिरासत में ले लिया।