वैष्णवी ने पास की यूपीएससी परीक्षा, 298वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया परिवार का मान

Spread the love

 रामगढ़, झारखंड :  रामगढ़ से जुड़ी एक प्रतिभाशाली छात्रा वैष्णवी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर 298वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से रामगढ़, झारखंड सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। शिक्षकों, मित्रों और स्थानीय लोगों ने इसे जिले के लिए गर्व की बात बताया है।

वैष्णवी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रामगढ़, झारखंड स्थित आर्मी स्कूल से कक्षा एक से दसवीं तक प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने रांची, झारखंड के जवाहर विद्या मंदिर से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। स्कूली शिक्षा के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज से इतिहास विषय में स्नातक की डिग्री हासिल की।

बताया जाता है कि स्नातक के दौरान ही वैष्णवी ने सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी थी। लगातार अध्ययन, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर उन्होंने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक यूपीएससी को पहले ही प्रयास में पास कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की।

वैष्णवी के पिता राजीव नयन कुमार कोल इंडिया की सहायक कंपनी सीसीएल के अरगड्डा एरिया में वरीय सर्वे अफसर के पद पर कार्यरत रह चुके हैं और वर्तमान में सिंगरौली में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

परिवार का मूल निवास बिहार के गया जिले के बेलागंज प्रखंड अंतर्गत दादपुर गांव में है। वैष्णवी की इस उपलब्धि पर उनके परिवार के साथ-साथ रामगढ़, झारखंड के लोगों ने भी गर्व जताया है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।