रामगढ़, झारखंड : सोमवार को उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में जिला आपूर्ति कार्यालय द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न प्रखंडों में चल रही आपूर्ति विभाग की गतिविधियों और योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत में उपायुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों से राशन कार्ड लाभुकों के आधार सीडिंग, मोबाइल नंबर सीडिंग, पीवीटीजी डाकिया योजना तथा खाद्यान्न आपूर्ति की स्थिति के बारे में प्रखंडवार जानकारी प्राप्त की।
इसके साथ ही उपायुक्त ने खाद्यान्न भंडारण के लिए बनाए गए गोदामों की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पो ने उपायुक्त को विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को राशन कार्ड लाभुकों के लंबित आधार सीडिंग और मोबाइल नंबर सीडिंग के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने पीवीटीजी डाकिया योजना के तहत लाभुकों को समय पर राशन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इसके अलावा उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि लाभुकों तक योजनाओं का लाभ सही तरीके से पहुंच रहा है। बैठक के दौरान हरा राशन कार्ड और मुख्यमंत्री दाल-भात योजना सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।