रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ थाना क्षेत्र के छत्तरमांडू गांव के निकट ओल्ड एज होम के सामने बुधवार की अहले सुबह अमूल दूध से लदी एक गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन पर सवार चालक और उपचालक को हल्की चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद वाहन में लदे दूध के कई कैरेट सड़क पर और आसपास की झाड़ियों में बिखर गए। घटना की जानकारी मिलते ही अमूल कंपनी के कर्मचारी और स्थानीय दूध विक्रेता मौके पर पहुंचे और बिखरे कैरेट को एकत्र किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन जमशेदपुर से अमूल दूध लेकर बरलंगा-गोला मार्ग होते हुए रामगढ़, झारखंड आ रहा था। इसी दौरान ओल्ड एज होम के पास पहले से एक ट्रेलर दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे पलटा हुआ था। अचानक सामने आए उस ट्रेलर को देखकर दूध वाहन का चालक संतुलन खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
घटना के बाद दूध के कैरेट को दूसरे वाहनों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भेजा गया। हालांकि इस दुर्घटना के कारण रामगढ़, झारखंड के कई इलाकों में मांग के मुकाबले दूध की आपूर्ति कम हो पाई।