रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरियारी बागी इलाके में शनिवार को बच्चा चोर की अफवाह को लेकर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध महिला को बच्चा चोर होने के शक में पकड़ लिया, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला अचानक गोरियारी बागी स्थित एक तीन तल्ले मकान में घुस गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे संदिग्ध अवस्था में देखकर शक के आधार पर पकड़ लिया और नीचे लाकर बैठा दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत रामगढ़ थाना पुलिस को दी।
इस दौरान लोगों ने महिला से पूछताछ भी की। महिला ने खुद को बच्चा चोर होने से साफ इनकार किया और बताया कि वह कोई चोर नहीं है, बल्कि भीख मांगकर अपना गुजारा करती है। महिला ने यह भी कहा कि उसके अपने दो छोटे-छोटे बच्चे हैं और वह मांगकर ही जीवन यापन करती है। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों को उसकी बातों पर भरोसा नहीं हुआ और वे उससे लगातार सवाल करते रहे।
सूचना मिलने के बाद रामगढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से अपने कब्जे में लेकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से भी पूछताछ की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस महिला को हिरासत में लेकर थाना ले गई, जहां उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला जिस घर में घुसी थी, वहां वह सामान को छूती हुई नजर आई थी, जिसके बाद लोगों को उस पर शक हुआ और उसे पकड़ लिया गया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला वास्तव में बच्चा चोर है या फिर अफवाह के कारण गलतफहमी में उसे पकड़ लिया गया। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
गौरतलब है कि इन दिनों क्षेत्र में बच्चा चोर की अफवाहें तेजी से फैल रही हैं। इन अफवाहों के कारण कई जगहों पर लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसी वजह से लोग सतर्क भी हैं और डरे हुए भी।