नई दिल्ली : देश के पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी—में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। वहीं तमिलनाडु में भी एक चरण में 23 अप्रैल को वोटिंग होगी। पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में संपन्न होंगे, जहां 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
इसके साथ ही चुनाव आयोग ने कई राज्यों की विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की भी घोषणा की है। गोवा, गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र और नागालैंड की कुल आठ सीटों पर उपचुनाव होंगे। इनमें गोवा, कर्नाटक, नागालैंड और त्रिपुरा की सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि महाराष्ट्र और गुजरात की तीन सीटों पर 23 अप्रैल को वोटिंग कराई जाएगी।
महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होना है। यह सीट पहले पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के पास थी।
चुनाव आयोग ने बताया कि सभी चुनावों की मतगणना 4 मई को की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित होंगे।