पटना / मोकामा (बिहार) :चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में मोकामा से विधायक अनंत सिंह को बड़ी राहत मिली है। पटना हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद उन्हें जमानत दे दी है।
अदालत ने सुनवाई के दौरान प्रस्तुत साक्ष्यों और पक्षों की दलीलों पर विचार करते हुए यह फैसला सुनाया। जमानत मिलने के बाद अब कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने का इंतजार है, जिसके बाद उनकी जल्द रिहाई संभव बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, सभी प्रक्रियाएं पूरी होने पर अनंत सिंह शुक्रवार या शनिवार तक जेल से बाहर आ सकते हैं। इस खबर के सामने आते ही मोकामा और आसपास के इलाकों में उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
समर्थकों ने फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें शुरू से ही अपने नेता पर भरोसा था और अदालत के निर्णय ने उनके विश्वास को मजबूत किया है।
गौरतलब है कि दुलारचंद यादव हत्या मामला लंबे समय से चर्चा में रहा है और इस केस में अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई थी। अब जमानत मिलने के बाद एक बार फिर यह मामला सुर्खियों में आ गया है।