झारखंड : रामगढ  के माता वैष्णो देवी मंदिर में कलश स्थापना के साथ बासंती नवरात्र शुरू

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : झारखंड के Ramgarh शहर के झंडा चौक स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में गुरुवार को कलश स्थापना के साथ बासंती नवरात्र अनुष्ठान की शुरुआत हुई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

मंदिर के पुजारी पंडित लीलाधर शर्मा ने मुख्य यजमान नितिन कपूर एवं उनकी पत्नी मनीषा कपूर से विधि-विधान के साथ कलश स्थापना करवाई, जिसके बाद नियमित पूजा-अर्चना आरंभ हुई। नौ दिवसीय इस अनुष्ठान को लेकर मंदिर को फूलों और आकर्षक विद्युत सज्जा से भव्य रूप दिया गया है।

सुबह करीब पांच बजे से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। पूरे दिन जय माता दी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पंजाबी हिन्दू बिरादरी एवं माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

नवरात्र के दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 25 मार्च को माता की चौकी और 27 मार्च को भंडारा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।