रामगढ़, झारखंड : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अंतर्गत सोमवार को चैती छठ के अवसर पर छठव्रतियों ने पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ खरना पूजन संपन्न किया।
छठव्रतियों ने दिनभर निर्जला उपवास रखकर संध्या के समय खरना पूजा की। पूजा के उपरांत व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया, जिसके बाद देर रात तक श्रद्धालु उनके घर पहुंचकर प्रसाद लेते नजर आए। पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।
खरना पूजन के साथ ही छठ पर्व का अगला चरण शुरू हो गया है। मंगलवार को संध्या काल में छठव्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।
रामगढ़ शहर सहित पूरे जिले के विभिन्न छठ घाटों पर अर्घ्य को लेकर तैयारियां तेज हैं। घाटों की साफ-सफाई, सजावट और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु सुचारू रूप से पूजा-अर्चना कर सकें।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के घाटों पर जुटने की संभावना है, जिससे पूरे जिले में छठ पर्व की रौनक और भी बढ़ गई है।