रामगढ़ (झारखंड) : माता वैष्णो देवी मंदिर में आज माता की चौकी, भजनों से सजेगा दरबार

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : शहर के झंडा चौक स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर रामगढ़ में इन दिनों धार्मिक माहौल बना हुआ है। यहां पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालु भक्तों की भीड़ लगातार उमड़ रही है और सुबह-शाम की आरती में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं।

मंदिर में प्रतिदिन सुबह 9 बजे से नियमित पूजा की जा रही है। मंदिर के पुजारी पंडित लीलाधर शर्मा द्वारा मुख्य यजमान नितिन कपूर एवं उनकी पत्नी मनीषा कपूर को विधिवत पूजा कराई जा रही है।

बुधवार को दोपहर 3 बजे से मंदिर परिसर में माता की चौकी का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्री श्याम मंडल रामगढ़ के भजन गायक भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगे, जिससे पूरा वातावरण भक्ति में सराबोर हो जाएगा।

कार्यक्रम के तहत 26 मार्च को हवन एवं कंजक पूजन किया जाएगा, जबकि 27 मार्च को सुबह 8 बजे से भंडारा का आयोजन कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा।

वहीं, पंजाबी हिन्दू बिरादरी के तत्वावधान में मां वैष्णो मंडली रामगढ़ द्वारा सोमवार देर शाम मंदिर परिसर में माता की चौकी का आयोजन किया गया, जिसमें देर रात तक भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। मंडली द्वारा 25 मार्च को सुबह साढ़े सात बजे से भंडारा का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।