रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ शहर व इसके निकटवर्ती क्षेत्रों समेत पूरे जिले में स्थापित झांकियों का परिचालन शुक्रवार को रामनवमी के अवसर पर पूरी रात जारी रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रातभर विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर झांकियों का दर्शन करती रही।
विभिन्न अखाड़ों द्वारा निकाले गए जुलूस में शामिल लोग भी पूरी रात शहर का भ्रमण करते रहे। इस दौरान प्रतिभागियों ने लाठी-डंडों एवं पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरी रात एहतियात के तौर पर विद्युत आपूर्ति बंद रखी गई। वहीं पुलिस अधिकारियों और दंडाधिकारियों के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा तथा शहर के विभिन्न इलाकों में लगातार गश्त करती रही, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।