रामगढ कैंट (झारखंड) : रामगढ़ (झारखंड) में बीते 25 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे कैप्सूल कोर्स सह निःशुल्क शिक्षा दान केंद्र के संस्थापक रविशंकर राय ने एक बार फिर समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। वर्तमान में रामगढ़ प्रधान डाकघर में सहायक पोस्टमास्टर एवं मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत रविशंकर राय का मुख्य उद्देश्य छात्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उनकी रुचि विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक साक्षर व्यक्ति एक निरक्षर को शिक्षित करने का संकल्प ले, तो देश से निरक्षरता को समाप्त किया जा सकता है। इसी सोच के साथ उनके संस्थान में कक्षा प्रथम से लेकर स्नातक स्तर तक के गरीब, निसहाय, मेधावी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है।
रविशंकर राय ने शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस पहल से जुड़कर शिक्षा के इस अभियान को और मजबूत करें, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद छात्रों तक ज्ञान की रोशनी पहुंचाई जा सके। अब संस्थान में वर्ग पहला से स्नातक तक ग़रीब,निसहाय,मेधावी और होनहार विद्यार्थी को सुयोग्य शिक्षकों द्वारा फिर से शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षाविद , समाजसेवी एवं जिलावासियों से रविशंकर राय ने अपील कि दिए जा रहे निःशुल्क शिक्षा का लाभ उठाने के लिए छात्र- छात्राओं को केंद्र में आने के लिए प्रेरित करें ।
उन्होंने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु केवल मार्गदर्शन दे सकते हैं, लेकिन उस ज्ञान को जीवन में उतारना प्रत्येक व्यक्ति की अपनी जिम्मेदारी होती है। जैसे बीज बोने के बाद उसकी देखभाल आवश्यक होती है, उसी प्रकार शिक्षा को व्यवहार और कर्म में अपनाने से ही उसका वास्तविक मूल्य सामने आता है।
यह पहल न केवल विद्यार्थियों को शिक्षित कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनने की दिशा भी प्रदान कर रही है।