जरूरतमंद किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता : धनेश्वर महतो

Spread the love

रामगढ, झारखंड : रामगढ़ (झारखंड) के जिला परिषद सभागार में कृषि एवं उद्योग विभाग की स्थायी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य धनेश्वर महतो ने की। इस दौरान जिले में संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में धनेश्वर महतो ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सही तरीके से जरूरतमंद किसानों तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को समय पर उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराए जाएं और उन्हें आधुनिक सिंचाई सुविधाओं से जोड़ा जाए, जिससे उत्पादन में वृद्धि हो और किसानों की आय बेहतर हो सके।

उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सरकार से 10 करोड़ रुपये तक के ऋण की मांग की जाएगी, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकें।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि योग्य किसानों को सोलर सिंचाई पंप, टपक सिंचाई (ड्रिप इरिगेशन) सहित अन्य आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ा जाएगा। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने और बीज वितरण व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। बेरोजगारी के मुद्दे पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर दुलमी पार्षद प्रीति दीवान, चितरपुर पार्षद सहला परवीन, जिला कृषि पदाधिकारी राय मुन्नी कुमारी, उद्योग विभाग के निदेशक एस.एस. भाटिया, जिला अभियंता बली उरांव, आत्मा के उप परियोजना पदाधिकारी संजय कुमार, अंजन बाड़ा, अनसुमन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।