रामगढ़ (झारखंड) : अरगड्डा हेसला स्थित झारखंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के ब्लास्ट फर्नेस में हुए विस्फोट के बाद इलाज के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और फैक्ट्री गेट पर लोगों का आक्रोश फूट पड़ा।
बताया गया कि सोमवार सुबह हुए धमाके में नौ मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान दो मजदूरों ने दम तोड़ दिया। मृतकों में बिजुलिया निवासी अकीला राय और महुआटांड़ के अशोक बेदिया शामिल हैं।
घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग फैक्ट्री गेट पर जमा हो गए और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन में रामगढ़ (Jharkhand) विधायक ममता देवी समेत विभिन्न दलों के नेता भी मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की। वहीं फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से करीब 15 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन सकी।
मुआवजे को लेकर गतिरोध जारी है और गेट जाम भी जारी रहा। उम्मीद जताई जा रही है कि कल वार्ता के बाद जल्द ही कोई समाधान निकल सकता है।