रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिला कराटे एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित बहुप्रतीक्षित रामगढ़ जिला कराटे चैंपियनशिप का शुभारंभ 11 अप्रैल 2026 को दोपहर लगभग 12 बजे स्कॉलर्स हाई स्कूल, रांची रोड, रामगढ़ कैंट में किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी फौज़ान अहमद उपस्थित रहेंगे। प्रतियोगिता के आयोजन की सभी तैयारियों को एसोसिएशन के अध्यक्ष रेंशी नरेंद्र सिन्हा, महासचिव शिहान शशि पांडेय एवं कोषाध्यक्ष बिनय रंजन द्वारा अंतिम रूप दे दिया गया है।
इस चैंपियनशिप में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं प्रशिक्षण केंद्रों से 200 से अधिक कराटेका भाग ले रहे हैं। प्रतिभागी अपने कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
आयोजन स्थल को आकर्षक और सुव्यवस्थित तरीके से तैयार किया गया है तथा खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। आयोजकों के अनुसार, यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं में कराटे के प्रति उत्साह और जागरूकता भी बढ़ाएगी।
रामगढ़ जिला कराटे एसोसिएशन ने अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और आयोजन को सफल बनाएं।
अंत में एसोसिएशन ने स्कॉलर्स हाई स्कूल, रामगढ़ कैंट के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण प्रतियोगिता के आयोजन के लिए अपना परिसर उपलब्ध कराया।