झारखंड के रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वीर शहीद सिदो-कान्हू जयंती पर दी श्रद्धांजलि

Spread the love

रांची (झारखंड) : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने वीर शहीद सिदो-कान्हू की जयंती के अवसर पर मोरहाबादी स्थित सिदो-कान्हू उद्यान पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड वीरों की भूमि है, जहां अनेक वीर सपूतों ने जन्म लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य के आदिवासी और मूलवासियों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उस समय से संघर्ष किया, जब देश में आजादी की कल्पना भी नहीं की गई थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर शहीद सिदो-कान्हू ने अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ ऐतिहासिक बिगुल फूंका, जो आज भी लोगों को साहस, संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि झारखंड के वीर सपूतों ने अलग-अलग समय में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए राज्य और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि सिदो-कान्हू जयंती का दिन भारत के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर लोग उनकी प्रतिमा, तस्वीर, जन्मस्थली और शहादत स्थल पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दिन देश का आदिवासी समुदाय और समस्त देशवासी गर्व महसूस करते हैं कि ऐसे वीर सपूतों ने इस धरती पर जन्म लिया और समाज को एक नई दिशा देने का कार्य किया।