बरकाकाना (रामगढ़), झारखंड : क्षेत्र में हजरत हेदायतुल्लाह शाह रहमतुल्लाह अलैह का सलाना उर्स रविवार को पूरे अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कुरआन ख्वानी से हुई, जिसके बाद मजार पर इत्र, गुलाब जल और फूल अर्पित किए गए।
चादरपोशी करते मंत्री इरफान अंसारी
इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में इरफ़ान अंसारी (राज्य के स्वास्थ्य मंत्री) शामिल हुए। मंत्री ने मजार पर चादरपोशी कर प्रदेश में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। इसके बाद फातिहाख्वानी समेत अन्य धार्मिक रस्में अदा की गईं।
उर्स कार्यक्रम के दौरान इरफ़ान अंसारी दुर्गी बाजार स्थित मदरसा अहले सुन्नत नूरुल इस्लाम भी पहुंचे, जहां उन्होंने शिक्षकों और प्रबंधन से मुलाकात की। स्थानीय मुखिया मोकीम आलम ने बताया कि मदरसा में करीब 150 बच्चे और मिल्लत एकेडमी में लगभग 300 बच्चियां शिक्षा प्राप्त कर रही हैं, लेकिन भवन जर्जर होने के कारण छात्रों को परेशानी होती है। उन्होंने 100 बेड के छात्रावास की मांग भी रखी।
अपने संबोधन में मंत्री ने सामाजिक सौहार्द और एकता पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में समाज को जोड़ने की आवश्यकता है। युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें शिक्षा और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना जरूरी है।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का देश निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है और आने वाले चुनावों में भी पार्टी मजबूत स्थिति में रहेगी। उन्होंने विभिन्न राज्यों के चुनावों का जिक्र करते हुए पार्टी की स्थिति को मजबूत बताया।
इस अवसर पर मुखिया मोकीम आलम, पंसस फरीद अंसारी, मुफ्ती अब्दुल कुद्दुस मिसबाही, उर्स कमेटी अध्यक्ष रमेश प्रसाद यादव, सचिव सफीक अंसारी, कोषाध्यक्ष आजाद अंसारी, मदरसा सेक्रेट्री नसीर अहमद, ताजुद्दीन अंसारी, डॉ एल अली राही, तनवीर अहमद, दिलदार मास्टर, अख्तर अली, मुन्ना अंसारी, राकेश सिंह, बंटी अंसारी, जिलानी अंसारी, आफताब आलम, फैज उस्मानी, गुलाम ताहा, जकाउल्लाह अंसारी, मो. हसरत, गुलाम रजा, मो. इकरार, मो. सफाकत, मो. आजाद, मो. तक्की, धर्मेंद्र सिंह, पवन राउत सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।