रामगढ़ (झारखंड) : पटवारी परिवार, रामगढ़ द्वारा आयोजित द्वितीय श्री श्याम वार्षिक उत्सव के दूसरे दिन मंगलवार की शाम श्री श्याम मंदिर रामगढ़ धाम में भव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया। खाटू श्याम बाबा का आकर्षक दरबार सजाया गया, जहां भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा श्याम की प्रतिमा के समक्ष अखंड ज्योति प्रज्वलित कर की गई। मंत्रोच्चारण के साथ उत्सव का शुभारंभ हुआ और बाबा का भव्य श्रृंगार कर 56 भोग अर्पित किए गए। इसके बाद गणेश वंदना के साथ भजन संध्या का आगाज हुआ।
संकीर्तन में कोलकाता से आए भजन गायक सौरभ शर्मा समेत रांची के कलाकारों और स्थानीय श्याम भक्तों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु रातभर भक्ति में लीन होकर झूमते रहे। महिलाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ नृत्य कर अपनी आस्था व्यक्त की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही, जहां हर कोई बाबा श्याम के भजनों में डूबा नजर आया।
अंत में आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।