हजारीबाग-चतरा सीमा पर बड़ी कार्रवाई : 4 इनामी नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद

Spread the love

हजारीबाग (झारखंड) : झारखंड में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। ‘ऑप्स-कोटीनियर’ के तहत हजारीबाग-चतरा सीमावर्ती जंगली क्षेत्र में चलाए गए संयुक्त अभियान में चार इनामी नक्सली मारे गए हैं।

झारखंड पुलिस और 209 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने खपिया (थाना केरेडारी) क्षेत्र में शुक्रवार (17 अप्रैल 2026) को अभियान चलाया। दोपहर करीब 1 बजे सुरक्षा बलों और माओवादी दस्ते के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन में चार नक्सलियों के शव, चार हथियार और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई।

मारे गए नक्सलियों की पहचान :

  1. शहदेव महतो – रिजनल कमेटी सदस्य, ₹15 लाख इनामी (जिला: हजारीबाग)

  2. रंजीत गंझु – जोनल कमेटी सदस्य, ₹10 लाख इनामी (जिला: चतरा)

  3. नताशा – सब-जोनल कमेटी सदस्य (मूल निवासी: गढ़चिरौली, महाराष्ट्र)

  4. बुधन करमाली – एरिया कमांडर, ₹1 लाख इनामी (जिला: चतरा)

बरामद हथियार :

  • AK-47 राइफल – 2

  • कोल्ट AR-15 राइफल – 1

  • इंसास राइफल – 1

पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई से पारसनाथ-लुगूझुमरा और हजारीबाग-चतरा सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और इस इलाके में सक्रिय दस्ते का लगभग सफाया हो गया है।

झारखंड पुलिस ने शेष उग्रवादियों से अपील की है कि वे आत्मसमर्पण कर राज्य सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं।