देवघर, झारखंड : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार दोपहर बाद हेलीकॉप्टर से देवघर पहुंचे, जहां देवघर एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एयरपोर्ट से वे सीधे बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका संकल्प कराया।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे देवघर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया गया।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा के बाद मुख्यमंत्री बाबा बासुकीनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे पुनः देवघर लौटे और सर्किट हाउस में विश्राम किया।
अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री देवघर स्थित मैहर गार्डन में आयोजित एक निजी समारोह में भी शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन के बाद वे पटना के लिए रवाना हो गए ।
पूजा के उपरांत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने बिहार की जनता की सुख-समृद्धि और राज्य के निरंतर विकास के लिए बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि वे बिहार की उन्नति और खुशहाली की कामना लेकर बाबा की शरण में आए हैं।