रामगढ़ (झारखंड) : पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने शनिवार 02 मई 2026 को गोला रोड रामगढ़ स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पत्रकार सममेलन का आयोजन कर कहा कि रामगढ़ जिले के गिद्दी पुल की मरम्मत और नए पुल निर्माण को लेकर चल रहे आंदोलन के बाद बड़ी प्रगति सामने आई है। 19 अप्रैल 2026 को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के नेतृत्व में धरना कार्यक्रम शुरू किया गया था, जिससे पुल के दोनों ओर ट्रकों की लंबी कतारें लग गई थीं।
धरना के बाद संध्या 6 बजे अरगड्डा महाप्रबंधक के निमंत्रण पर गिद्दी ए रेस्ट हाउस में वार्ता आयोजित की गई। इस वार्ता में पूर्व विधायक शंकर चौधरी के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। काफी जद्दोजहद के बाद अरगड्डा प्रबंधन और प्रतिनिधिमंडल के बीच कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर लिखित सहमति बनी।
क्या हुआ तय
वार्ता के दौरान मुख्य महाप्रबंधक ने जानकारी दी कि पुराने पुल की मरम्मत और नए पुल का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। दोनों कार्यों के लिए कुल 19 करोड़ 44 लाख 64 हजार 400 रुपये का अनुमान तैयार किया गया है।यह पूरा कार्य सीएसआर फंड के माध्यम से कराया जाएगा।
बोर्ड बैठक में मिली मंजूरी
पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को आयोजित सीसीएल बोर्ड की बैठक में इस परियोजना को स्वीकृति दे दी गई। इसके तहत कुल राशि का 25% पहले चरण में झारखंड सरकार को दिया जाएगा तथा शेष राशि दूसरे चरण में कार्य प्रगति के अनुसार जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल 2026 को अरगड्डा मुख्य महाप्रबंधक से दूरभाष पर हुई बातचीत में इस स्वीकृति की पुष्टि की गई और बताया गया कि प्रथम किस्त का भुगतान जल्द किया जाएगा।
आभार और आश्वासन
पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने इस सफलता के लिए प्रतिनिधिमंडल ने सीसीएल सीएमडी, बोर्ड सदस्यों और अरगड्डा क्षेत्र के महाप्रबंधक सहित सभी संबंधित अधिकारियों का आभार जताया। साथ ही गिद्दी-भुरकुंडा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और आम जनता के सहयोग की भी सराहना की है।
पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने रामगढ़ के गोला रोड स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर संघर्ष करते रहेंगे।