धनबाद (झारखंड) : वासेपुर स्थित गैंगस्टर प्रिंस खान के आवास पर शुक्रवार को बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी पुलिस ने संयुक्त रूप से कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की। यह कार्रवाई धनबाद न्यायालय द्वारा जारी समन के आलोक में की गई। भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, धमकी, फायरिंग समेत कई गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। न्यायालय में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण कोर्ट ने कुर्की-जप्ती का आदेश जारी किया था, जिसके बाद पुलिस टीम उसके वासेपुर स्थित घर पहुंची।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी प्रिंस खान के ठिकानों पर कई बार कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की जा चुकी है। इस बार घर में कोई सामान नहीं मिला। इसके बावजूद पुलिस का कहना है कि आरोपी अब भी गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि प्रिंस खान फिलहाल पाकिस्तान में छिपकर रह रहा है और वहीं से अपने नेटवर्क का संचालन कर रहा है। उसके गिरोह और सहयोगियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में उसके नेटवर्क से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई संदिग्धों से पूछताछ जारी है।