रामगढ़ कैंट (झारखण्ड) : आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट में आयोजित क्लस्टर-II (सेंट्रल कमांड) अंडर-17 जूनियर बॉयज दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का समापन शनिवार को उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के सभी मैच सिख रेजिमेंट सेंटर के पी.टी. ग्राउंड में खेले गए।
समापन दिवस के पहले मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल दानापुर और आर्मी पब्लिक स्कूल अयोध्या की टीमों के बीच रोमांचक मैच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कोई भी बढ़त नहीं बन सकी और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
दूसरे मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट और आर्मी पब्लिक स्कूल अयोध्या के बीच मैच खेला गया, जिसमें अयोध्या की टीम विजयी रही। हालांकि समग्र प्रदर्शन के आधार पर आर्मी पब्लिक स्कूल दानापुर को प्रतियोगिता का विजेता घोषित किया गया, जबकि अयोध्या की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट अनुशासन और खेल भावना के लिए आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़ कैंट की टीम को फेयर प्ले अवॉर्ड प्रदान किया गया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए सूर्य प्रताप सिंह (अयोध्या) को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार सूर्याश तिवारी (अयोध्या) को प्रदान किया गया।
समापन समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह (सेना मेडल) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजनों से बच्चों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है।
विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए सभी अतिथियों, प्रतिभागी टीमों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। अंत में गर्मजोशी के साथ जयकारे लगाए गए और एपीएस एंथम के साथ कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।