रामगढ़ (झारखंड) : ऋतुराज के निर्देश पर मंगलवार को जिला एवं प्रखंड स्तर की संयुक्त टीम ने नेमरा गांव का दौरा कर वज्रपात से पशुओं की मृत्यु की घटना का निरीक्षण किया। यह घटना गोला प्रखंड में भारी वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने के दौरान हुई थी।
13 किसानों के 26 पशुओं की हुई मौत
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि 12 मई 2026 को हुई इस प्राकृतिक आपदा में 13 किसानों के कुल 26 पशुओं की मृत्यु हुई है। मृत पशुओं में 7 गाय और 19 बैल शामिल हैं। प्रशासनिक टीम ने प्रभावित पशुपालकों से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी ली और नुकसान का आकलन किया।
संयुक्त टीम ने किया स्थल निरीक्षण
निरीक्षण दल में अंचल अधिकारी, गोला, अंचल निरीक्षक, पशुपालन विभाग के चिकित्सकों की टीम तथा बरलंगा थाना के थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे।
पशुपालन विभाग की टीम ने मृत पशुओं का निरीक्षण कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं।
मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया शुरू
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार मुआवजा भुगतान के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उपायुक्त ऋतुराज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राहत और मुआवजा से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता मिल सके।
खराब मौसम में सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि खराब मौसम और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें।