रांची (झारखंड) : राज्य सरकार ने विभिन्न जिलों में कार्यरत चौकीदारों और दफादारों के वेतन एवं वर्दी मद के लिए 68 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त राशि जारी की है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए कुल 68.18 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
सरकार द्वारा जारी राशि में 67.18 करोड़ रुपये वेतन मद के लिए, जबकि लगभग एक करोड़ रुपये वर्दी मद के लिए निर्धारित किए गए हैं। यह राशि स्थापना व्यय बजट शीर्ष के अंतर्गत जारी की गई है।
आदेश के अनुसार राज्य के 15 जिलों को इस अतिरिक्त बजट का लाभ मिलेगा। गिरिडीह को सबसे अधिक 12.19 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा पाकुड़ को 9.26 करोड़ रुपये, देवघर को 9.21 करोड़ रुपये, पलामू को 8.89 करोड़ रुपये, पूर्वी सिंहभूम को 5.97 करोड़ रुपये और रांची को 4.06 करोड़ रुपये वेतन मद में दिए गए हैं।
वर्दी मद में भी कई जिलों को अलग से राशि उपलब्ध कराई गई है। रांची को 19.84 लाख रुपये, देवघर को 17.87 लाख रुपये और पलामू को 11.03 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं।
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने संबंधित जिलों के उपायुक्तों और कोषागार अधिकारियों को निर्देश दिया है कि चौकीदारों और दफादारों के वेतन भुगतान में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए। सरकार के इस निर्णय से संबंधित कर्मियों को समय पर वेतन और वर्दी उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।