धनबाद (झारखंड) : बांसजोड़ा में आजसू बैठक पर हमला और फायरिंग, अस्पताल में पुलिस-समर्थकों के बीच हंगामा

Spread the love

धनबाद (झारखंड) : कोयलांचल के लोयाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसजोड़ा में बुधवार को आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) नेताओं की एक संगठनात्मक बैठक के दौरान हिंसक हमला और फायरिंग की घटना सामने आई। इस घटना में कई कार्यकर्ता घायल हुए, जबकि एक स्थानीय युवक को गोली लगने की सूचना है। बाद में इसी मामले ने नया मोड़ तब लिया जब इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे घायल नेताओं को हिरासत में लेने पहुंची पुलिस और समर्थकों के बीच तीखा हंगामा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैठक के दौरान कुछ लोग लाठी-डंडों और हथियारों के साथ पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। अफरा-तफरी के बीच गोली चलने से किशन रजवार नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घटना में घायल आजसू नेता हीरालाल महतो ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पार्टी नेता रजनी रवानी को कथित रूप से अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा धमकियां दी जा रही थीं। इसी विषय पर आगे की रणनीति तय करने के लिए बैठक बुलाई गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद थाना प्रभारी टीकू प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर जांच शुरू कर दी है।

इसी बीच घायल हीरालाल महतो  और धर्मेंद्र  महतो  को इलाज के लिए शहीद  निर्मल  महतो  मेडिकल  कॉलेज  एंड  हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) लाया गया। यहां उन्हें हिरासत में लेने पहुंची सरायढेला थाना पुलिस और आजसू समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई हो गई।

बताया जाता है कि लगभग 45 मिनट तक अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। इस दौरान सरायढेला थाना के एएसआई प्रदीप  कुमार मंडल धक्का लगने से घायल हो गए। हंगामे के बीच हीरालाल महतो अस्पताल से निकलकर फरार हो गए।

बाद में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति नियंत्रित की गई। पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल बांसजोड़ा और लोयाबाद क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव बना हुआ है।