रामगढ़ (झारखंड) : ओलावृष्टि से किसानों की बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के रामगढ़ कैंट ग्रामीण मंडल द्वारा गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताते हुए प्रभावित किसानों को जल्द राहत देने की मांग की गई।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा रामगढ़ कैंट ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पाण्डेय ने की, जबकि मंच संचालन महामंत्री ऋषिकेश सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रूपा देवी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में सुशांत पांडेय ने उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया।
धरना-प्रदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बाबला और मंडल प्रभारी रिद्धि राज मुख्य रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि हालिया ओलावृष्टि से किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, लेकिन अब तक राज्य सरकार की ओर से राहत एवं मुआवजे को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि किसानों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं में राज्य सरकार अपेक्षित संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा नहीं दिया गया, तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन चलाने को बाध्य होगी।
भाजपा नेताओं ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर राज्यभर में मंडल स्तर पर धरना-प्रदर्शन आयोजित कर किसानों की समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी, रामगढ़ को सौंपा गया। ज्ञापन में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने और राहत पहुंचाने की मांग की गई।
धरना कार्यक्रम में भाजपा के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।