कुजू, (रामगढ़), झारखंड : सीसीएल करमा परियोजना के महुआटुंगरी पैच में ब्लास्टिंग के बाद उत्पन्न विवाद को लेकर रुका खनन कार्य सफल वार्ता के बाद फिर से शुरू हो गया। ग्रामीणों द्वारा कामकाज बंद कर दिए जाने के बाद करमा परियोजना पदाधिकारी कार्यालय में प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच बैठक आयोजित की गई।
वार्ता में करमा परियोजना पदाधिकारी रामेश्वर मुंडा स्वयं मौजूद रहे और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने सभी मुद्दों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। शुक्रवार देर शाम तक चली बैठक के बाद आउटसोर्सिंग कंपनी मां जयअंबे रानी द्वारा पुनः कार्य शुरू कर दिया गया।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने ब्लास्टिंग से घरों में दरार पड़ने, आउटसोर्सिंग कंपनी में स्थानीय लोगों को रोजगार देने, कमेटी गठन में हो रही देरी तथा नापी किए गए घरों का मुआवजा वर्ष 2025 की दर से भुगतान करने की मांग उठाई।
प्रबंधन की ओर से ग्रामीणों की सभी मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया गया। करमा परियोजना पदाधिकारी रामेश्वर मुंडा और आउटसोर्सिंग कंपनी के अधिकारी विजय राठौर ने ग्रामीणों से परियोजना कार्य में सहयोग करने की अपील की।
वार्ता में ग्रामीणों की ओर से राजेंद्र कुमार मुर्मू, मो. युसूफ, छोटेलाल टुडू, मो. तस्लीम, मो. तबारक, सूरज मांझी सहित कई लोग उपस्थित थे।